स्पर्श हिमालय महोत्सव में हरिद्वार के चित्रकार सम्मानित

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार। कल देर रात लेखक गाँव (थानों) देहरादून में सम्पन्न हुए ‘द्वितीय अन्तर्राष्ट्रीय स्पर्श हिमालय कला संस्कृति एवं साहित्य महोत्सव’ के अन्तर्गत आयोजित चित्रकला कार्यशाला एवं प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले हरिद्वार के तमाम चित्रकारों को ‘कला की भाषा: रंग रेखा और भाव’ विषय पर आयोजित कला सत्र के दौरान सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। हरिद्वार के अतिरिक्त इस कार्यक्रम में ऋषिकेश, देहरादून व मुजफ्फरनगर के चित्रकार भी उपस्थित रहे। कलाकारों को यह सम्मान प्रख्यात चित्रकार पद्मभूषण श्री जतिन दास जी के द्वारा किया गया।
चित्रकला कार्यशाला व प्रदर्शनी के संयोजक तथा कला सत्र प्रभारी साहित्यकार एवं चेतना पथ पत्रिका के सम्पादक अरुण कुमार पाठक ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले 40 से अधिक चित्रकारों में हरिद्वार से डा. पुष्पा रानी वर्मा, डा. पूजा पंवार,  संजय कुमार जायसवाल, अमृता साहनी, रवि तिवारी, सुबोध कुमार, दिव्या नगरानी, भावना सिंह, यक्षराज सिंह, शताक्षी वत्स, ज्योति शर्मा, रश्मि चौहान, वंशिका, वास्वी शर्मा, मधु यादव, सुदीक्षा सिंह, सलोनी यादव, प्रियांशी सिंघल, गायत्री सिंह, वृंदा शर्मा, सुभाष चन्द्रा, ज्योति भट्ट, सतेन्द्र सिंह चौहान आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन दिल्ली से पधारीं साहित्यकार डा. दर्शनी प्रिय ने किया।
इसी सत्र के दौरान चित्रकार जतिन दास ने एक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से चित्रकारों को कल की तमाम बारीकियाँ समझाईं। मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमें कल का सर्वोच्च सम्मान करना चाहिए क्योंकि हमें कला ही जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है। हरिद्वार के राष्ट्रपति शिक्षक दिवस पुरस्कार प्राप्त व डीपीएस, रानीपुर के सेवानिवृत्त कला शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता का संदेश भी पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने कला के अनेक पक्षों की व्याख्या की।
कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि रास बिहारी सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून के कुलपति प्रो. हिमाशु एरोन के अलावा सन्तोष साहनी, मेघा कथूरिया, पूजा पोखरियाल, राजू पुसोला व अरुण कुमार पाठक ने भी सम्बोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *