वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप—उत्तराखंड के पवन बर्तवाल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे

दीपक मिश्रा 

उत्तराखंड मुक्केबाज़ी संघ की ओर से यह बताते हुए अत्यंत गर्व हो रहा है कि रुद्रप्रयाग जनपद के सटेरा/सठेराखाल निवासी पवन बर्तवाल आगामी वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप, ग्रेटर नोएडा (14–20 नवंबर) में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले उत्तराखंड के एकमात्र खिलाड़ी होंगे। यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है।

पवन बर्तवाल का मुक्केबाज़ी सफर वर्ष 2010 में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स हॉस्टल, देहरादून से शुरू हुआ। उनके मार्गदर्शक एवं प्रशिक्षक कोच ललित कुँवर ने बचपन में उनकी प्रतिभा को पहचानकर वर्ष 2010 से 2017 तक कठोर प्रशिक्षण दिया, जिसके परिणामस्वरूप पवन राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित मुक्केबाज़ बने। वर्तमान में पवन भारतीय सेना के प्रतिष्ठित बॉक्सिंग प्रशिक्षण केंद्र ASI पुणे में कोच हरिकिशन बेलवाल के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

वर्ष 2017 में 9 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती होने के बाद पवन ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2021 में भारतीय सेना टीम से नेशनल चैंपियनशिप में भाग लिया। वर्ष 2023, 2024 और 2025 में सेना टीम के चैंपियन रहे तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार दो वर्षों (2024–2025) में रजत पदक जीतकर अपनी क्षमता सिद्ध की। पवन 2024 में कज़ाकिस्तान और 2025 में थाईलैंड ओपन सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

इस विश्व चैंपियनशिप में 80 से अधिक देशों के श्रेष्ठ मुक्केबाज़ स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। उत्तराखंड के लिए यह भी गौरव की बात है कि हमारे प्रदेश के सात अधिकारी—जिनमें उत्तराखंड मुक्केबाज़ी संघ के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया, गुरुजी श्री मुखर्जी निर्माण, नवीन टम्टा, खेल विभाग के सहायक निदेशक संजीव पौड़ी, जोगिंदर सौन, धर्मेंद्र बोरा एवं जोगिंदर बोरा—भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उपाध्यक्ष रोहन सहगल ने कहा:
“उत्तराखंड के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपने प्रदर्शन से आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। मेरा विश्वास है कि पवन बर्तवाल इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश के मुक्केबाज़ी इतिहास में नया अध्याय लिखेंगे। मैं स्वयं सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाऊंगा। आने वाले समय में उत्तराखंड से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाने के लिए संघ द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *