दीपक मिश्रा
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आज अचानक हुई तेज बारिश से हरिद्वार के कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। जहां पिछले कई दिनों से हो रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली तो वहीं कई जगहों पर जलभराव से लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी। हरिद्वार के ज्वालापुर और कनखल क्षेत्र की कई कॉलोनियों में जलभराव से लोग परेशान भी हुए।
दरअसल पिछले कई दिनों से हरिद्वार में पारा आसमान छू रहा था और भीषण गर्मी से लोग परेशान था। रविवार को सुबह तो चटख धूप निकल रही थी लेकिन साढ़े दस बजे अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते आसमान में काले बादल छाने लगे। पहले तो अचानक से तेज हवाएं चली और फिर झमाझम बारिश होने लगी। अचानक हुई बारिश से मौसम सर्द हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं बारिश इतनी तेज हुई कि कई जगहों पर जलभराव हो गया। हरिद्वार के ज्वालापुर बाजार, कनखल, संदेशनगर, कृष्णानगर और शिवपुरी आदि क्षेत्र में जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव में कई लोगों के चलते वाहन भी बंद हो गए।
दशकों पुरानी है ज्वालापुर बाजार में जलभराव की समस्या
हरिद्वार के ज्वालापुर बाजार में जल भराव की समस्या नई नहीं है। बल्कि तीन दशकों से यहां के लोग इस समस्या से परेशान होते हैं। जब भी तेज बारिश होती है, तभी यहां की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। लोगों का आरोप है कि तय समय पर नालों की सफाई न होने से यह समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है। अभी तो मानसून सीजन की शुरुआत भी नहीं है और हल्की सी बारिश में ही सड़कों पर पानी भर गया। राहगीरों के साथ साथ दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। लोगो की मांग है कि ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ा और ठोस ड्रेनेज प्लान बनाने की आवश्यकता है, ताकि इस समस्या का स्थाई समाधान हो सके।
क्या बोले अधिकारी
नगर निगम क्षेत्र में नियमित रूप से साफ सफाई का कार्य कराया जा रहा है। गाड़ियों की मदद से कूड़ा भी उठाया जा रहा है। निगम क्षेत्र में बरसात से पहले सभी नालों की सफाई कराई जाएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
नन्दन कुमार, मुख्य नगर आयुक्त