वार्ड निवासियों ने की डंपिंग जोन हटाने की मांग

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार, 21 सितम्बर। नगर निगम के वार्ड 54 में बना डंपिंग जोन क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बना गया है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी डंपिंग जोन को शिफ्ट नहीं किया गया है। ऐसे में लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों ने वरिष्ठ समाजसेवी विक्की गैरा के नेतृत्व में रविवार को नगर निगम के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं का निराकरण कराने की दिशा में निवर्तमान भाजपा पार्षद नागेन्द्र सिंह राणा ने शनिवार को नगर आयुक्त को पत्र देकर कूड़ा स्थल का निस्तारण करने की मांग की है। नागेंद्र राणा ने बताया कि नगर निगम के वार्ड 54 स्थित जगजीतपुर -ज्वालापुर संपर्क मार्ग पर आंवला वाला बाग के समीप गुरुकुल की जमीन पर नगर निगम की ओर से डंपिंग जोन बनाया गया है। डंपिंग जोन में एकत्र कूड़े से उठने वाली असहनीय दुर्गन्ध से क्षेत्रवासियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया था। लेकिन कूड़ा स्थल को अब तक हटाया नहीं गया है। स्थानीय लोगों को हो रही समस्याओं को दूर करने के लिए जल्द से जल्द डंपिंग जोन को हटाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *