भारतीय मजदूर संघ हरिद्वार ने पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार, 27 अगस्त 2026।
भारतीय मजदूर संघ, जनपद हरिद्वार द्वारा पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों, विभिन्न संबद्ध यूनियनों के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सैकड़ों फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

भारतीय मजदूर संघ की रीति-नीति के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण एवं ध्वनि प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों पर चर्चा करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री श्री सुमित सिंघल ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण राष्ट्रहित का महत्वपूर्ण विषय है। पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

पर्यावरण मंच उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक श्री डी.सी. नौटियाल ने कहा कि “जलवायु परिवर्तन और बढ़ता प्रदूषण पूरी मानवता के सामने बड़ी चुनौती है। प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।”

कार्यक्रम का संचालन करते हुए जनपद हरिद्वार के जिला मंत्री श्री ललित पुरोहित ने कहा कि “भारतीय मजदूर संघ श्रमिक हितों के साथ-साथ राष्ट्र एवं समाज से जुड़े विषयों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाता है। पर्यावरण संरक्षण इसी सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।”

हीप बीएमएस यूनियन के अध्यक्ष श्री मनमीत जी ने कहा कि “स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ श्रमिक और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। प्रत्येक कार्यकर्ता को पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।”

कार्यक्रम की व्यवस्था एवं आयोजन में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड श्री अनिल कुमार की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण भारतीय मजदूर संघ के सामाजिक सरोकारों का महत्वपूर्ण विषय है। पौधारोपण के साथ इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।”

कार्यक्रम में श्रीमती सुनीता तिवारी, श्री अमित चौहान, श्री अमित थपलियाल, श्री योगेश यादव सहित भारतीय मजदूर संघ एवं संबद्ध यूनियनों के समस्त सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा जल, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

भारतीय मजदूर संघ ने आह्वान किया कि “प्रकृति सुरक्षित होगी, तभी श्रमिक, समाज और राष्ट्र सुरक्षित रहेगा।” पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *