दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 31 मई। उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा भगत सिंह घाट पर अरूट महाराज का अवतरण दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के गणमान्य नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अरूट महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अरूट महाराज के जीवन आदर्शों तथा अरोड़ समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अरूट महाराज समाज में एकता, सेवा, संस्कार एवं मानव कल्याण के प्रतीक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज निरंतर प्रगति एवं उन्नति की ओर अग्रसर है। वक्ताओं ने कहा कि अपनी गौरवशाली विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर सभी ने दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से समाज की एकता, संस्कृति एवं परंपराओं को मजबूत बनाने का संकल्प लिया और समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और भाईचारे की कामना की।