दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 27 जुलाई। कांवड़ मेला तैयारियों को लेकर प्रैस क्लब में डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह, प्रैस क्लब अध्यक्ष धर्मेद्र चौधरी, महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, तथा वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखोला ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रैस क्लब अध्यक्ष धर्मेद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने डीएम और एसएसपी बुके देकर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। पत्रकारों से संवाद करते हुए डीएम और एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह तैयार है। कांवड़ मेले के दौरान पहली बार सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे, जो भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ मेला शुरू हो चुका है और बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचने लगे हैं। कई कांवड़िये गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट भी चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून और विभिन्न विकास कार्यों के चलते मेला प्रशासन के सामने अतिरिक्त चुनौतियां हैं। एक ओर राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं तो दूसरी ओर कुंभ-2027 की तैयारियां भी जारी हैं। इन परिस्थितियों के बीच करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। डीएम ने बताया कि मेले को लेकर सभी विभागों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक मेला अवधि के दौरान प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा तथा विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि कुंभ मेले से पहले प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाएगा। भीमगोड़ा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले का स्वरूप लगातार बदल रहा है और उसी अनुरूप पुलिस की रणनीति भी आधुनिक बनाई गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा, जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के माध्यम से यात्रा करेंगे। इस संबंध में विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे वाहनों को निर्धारित सीमा के भीतर ही रखा जाएगा। यदि डीजे वाहन निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन करते हैं या शांति व्यवस्था भंग करते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। पिछले वर्ष नियमों का उल्लंघन करने वालों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। सोशल मीडिया निगरानी को लेकर एसएसपी ने कहा कि पहली बार कांवड़ मेले में साइबर कमांडो तैनात किए गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक, फर्जी अथवा समाज में भ्रम फैलाने वाले वीडियो पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सामान्य भ्रामक वीडियो को 36 घंटे के भीतर, जबकि एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो को लगभग 3 घंटे के भीतर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। वरिष्ठ पत्रकार सुनीलदत्त पाण्डेय के सोशल मीडिया पर पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर किए गए प्रश्न पर एसएसपी ने साइबर कमांडो की कार्यप्रणाली और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा उपस्थित पत्रकारों ने ट्रैफिक, सुरक्षा, अतिक्रमण, व्यवस्थाओं और मेले की चुनौतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर डीएम और एसएसपी से सवाल पूछे। प्रैस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने प्रशासन और मीडिया के बीच नियमित संवाद को आवश्यक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जनहित की सूचनाएं अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह दोनों अनुभवी अधिकारी है। उनके अनुभव का लाभ कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों और स्थानीय जनता को मिलेगा।
वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखोला, सुनीलदत्त पांडे, बालकृष्ण शास्त्री, विकास चौहान, महताब आलम, अवधेश सिंह पुरी, कुमार दुष्यंत, संदीप शर्मा, शैलेंद्र गोदियाल, कुणाल दरगन, अमित शर्मा, मनोज रावत, मुकेश वर्मा, श्रवण झा, राजकुमार, जोगिंदर मावी, आशीष मिश्रा, दीपक नौटियाल आदि ने बुके, स्मृति चिन्ह, शंख, रुद्राक्ष की माला एवं शाल ओढ़ाकर डीएम एवं एसएसपी को सम्मानित किया। साथ ही जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह का भी स्वागत किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण शास्त्री, कुणाल दरगन, शैलेंद्र गोदियाल, सागर जोशी, तनवीर अली, रूपेश वालिया, जोगेंद्र मावी, शिप्रा अग्रवाल, दीपक नौटियाल, सुनीलदत्त पांडे, तरुण नैयर, काशीराम सैनी, विकास चौहान, रामेश्वर गौड़, संदीप शर्मा, अमित शर्मा, मुकेश वर्मा, जोगिंदर मावी, राधिका नागरथ, संजय रावल, आशीष मिश्रा, प्रदीप जोशी, नीलम सैनी, प्रतिभा वर्मा, मनोज रावत, परमजीत राणा, मयूर सैनी, रूपेश वालिया, कुलभूषण शर्मा, वैभव भाटिया, सुमित यशकल्याण, सचिन, पुलकित शुक्ला, राजकुमार पाल, शिवांग अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।