मुख्यमंत्री धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, भगत सिंह कोश्यारी, अनिल बलूनी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, जनसेवा और अनुशासन की मिसाल बताया

दीपक मिश्रा 

हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल बीसी खंडूरी का पार्थिव शरीर हरिद्वार पहुंचने के बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। हरिद्वार के श्मशान घाट पर राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत तमाम सांसदों, मंत्रियों और नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत नेता के पुत्र मनीष खंडूरी ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और मौजूद लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े रहे जनरल बीसी खंडूरी को सैन्य सम्मान भी दिया गया।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भुवन चंद खंडूरी ने सेना, मुख्यमंत्री और मंत्री जैसे पदों पर रहते हुए देश की सेवा की है। वो सुलझे हुए विचार के तपस्वी व्यक्तित्व वाले नेता थे। आज वो हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके कार्यकाल को हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का निधन उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूरी उनके अभिभावक समान थे और समय-समय पर उनका मार्गदर्शन मिलता रहा। धामी ने कहा कि उनके आदर्श, सादगी और जनसेवा की भावना हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि खंडूरी अनुशासन, सादगी और विकास पुरुष के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और जनहित के लिए किए गए उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों को दिशा देने का काम करेंगे।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि जनरल बीसी खंडूरी ने देश के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन क्षेत्र में उनके कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि बीसी खंडूरी ने उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देने का काम किया। उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता हमेशा मिसाल बनी रहेगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि जनरल बीसी खंडूरी का व्यक्तित्व अत्यंत प्रेरणादायक था। उन्होंने राजनीति में शुचिता, अनुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनका जाना सार्वजनिक जीवन की बड़ी क्षति है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सांसद अजय भट्ट कैबिनेट मंत्री सुबह डेनियल धन सिंह रावत गणेश जोशी सौरभ बहुगुणा मदन कौशिक प्रदीप बत्रा खजान दास विधायक आदेश चौहान प्रेमचंद अग्रवाल विनोद चमोली सुरेश गढ़िया अरविंद पांडे रवि बहादुर मेयर रुड़की अनीता देवी पूर्व विधायक संजय गुप्ता अखाड़ा परिषद अध्यक्ष वी निरंजनी अखाड़े के महासचिव श्री महंत रवींद्र पुरी एवं निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशनंद महाराज जयराम आश्रम पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जिलाधिकारी मयूर दीक्षित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह विकास प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार एसपी ट्रैफिक निशा यादव सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि व आमजन उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *